
जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान जिले में भारी बारिश और 70-75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और वातावरण में बने दबाव के कारण मौसम तेजी से सक्रिय हो रहा है, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार जमशेदपुर, घाटशिला, पोटका, मुसाबनी, चाकुलिया, बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अचानक तेज आंधी और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पैरों और बिजली के खम्भों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज हवा के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति भी बन सकती है। यदि बारिश का दौड़ लगातार जारी रहता है तो नदियों और जलाशयों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है ।
किसानों को खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं मछुआरों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने को कहा गया है। बिजली चमकने के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग खुले स्थान पर न करने और सुरक्षित भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है ।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक पूर्वी सिंहभूम सहित दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में मौसम खराब बना रह सकता है। इसलिए लोगों को मौसम संबंधित ताजा अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
