रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए चार लोगों को बड़ी राहत दी है। राहत पाने वालों में एक IAS अधिकारी, एक वनकर्मी, एक विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर और एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हैं। कोर्ट के इन फैसलों को सरकारी कर्मचारियों के सेवा अधिकार, वेतन और नियमितीकरण के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
हाईकोर्ट ने 2014 बैच के IAS अधिकारी पवन कुमार मंडल को पदोन्नति के अनुरूप अपर सचिव या समकक्ष पद देने का निर्देश दिया है। अदालत ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा है।
दूसरे मामले में कोर्ट ने वनकर्मी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को 58 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त करने के आदेश को रद्द कर दिया। अदालत ने उन्हें 60 वर्ष तक सेवा में मानने के साथ बकाया वेतन और सेवानिवृत्ति से जुड़े लाभ देने का निर्देश दिया है।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा को भी हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उन्हें PhD के आधार पर एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ देने और 12 सप्ताह के भीतर बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया है।
गिरिडीह के कुलदीप कुमार तुरी की सेवा नियमित करने का भी आदेश दिया गया है। बताया गया है कि वह मई 2009 से दैनिक वेतन पर काम कर रहे थे। कोर्ट ने संबंधित विभाग को आठ सप्ताह के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।झारखंड हाईकोर्ट के इन फैसलों से सरकारी सेवा में पदोन्नति, सेवानिवृत्ति, वेतन लाभ और नियमितीकरण से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण संदेश गया है। अब संबंधित विभागों को अदालत के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करनी होगी।

