जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में सोमवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने औचक छापेमारी की। इस अभियान में करीब 11 मजिस्ट्रेट और 200 पुलिसकर्मी शामिल हुए। छापेमारी के दौरान जेल के विभिन्न वार्डों, बैरकों और अन्य स्थानों की गहन तलाशी ली गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:15 बजे अधिकारियों की टीम घाघीडीह जेल पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। लगभग दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन में जेल परिसर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई। इस दौरान बीड़ी, खैनी और माचिस जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
इस विशेष अभियान में उपायुक्त राजीव रंजन, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीना और धालभूम एसडीओ अर्नव मिश्रा समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जेल के अंदर मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए प्रशासन की ओर से यह औचक जांच की गई। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
तलाशी के दौरान कुछ प्रतिबंधित सामान बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी बड़ी आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है।

