जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित सीएच एरिया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक बुलेट बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सोनारी के सीएच एरिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने ब्रजेश सिंह और कृष्णा पांडे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान ब्रजेश सिंह और कृष्णा पांडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजेश सिंह सोनारी निवासी और जेडीयू कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह के छोटे पुत्र थे। वहीं, कृष्णा पांडे गणेश पांडे के पुत्र बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक की तेज रफ्तार हादसे की वजह होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

