चाईबासा, झारखंड। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड में जंगली हाथी के हमले में 47 वर्षीय ग्रामीण सोना कुंकल की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खंडाद्वार गांव के मडाएंसाईं टोला निवासी सोना कुंकल 22 नवंबर की शाम करीब 6 बजे मडाएंसाईं से पुकरीपी गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंझारी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद वन विभाग ने मृतक के बड़े भाई दामोदर कुंकल को 50 हजार रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि दी है। विभाग ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा भी दिया जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

