जमशेदपुर से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कदमा के शास्त्रीनगर में बने आयुष अस्पताल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति और जरूरी चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था नहीं होने पर विधायक सरयू राय ने नाराजगी जाहिर की है। इतना ही नहीं, उन्होंने अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने से भी इनकार कर दिया है।
दरअसल, जमशेदपुर के कदमा स्थित शास्त्रीनगर में नवनिर्मित आयुष अस्पताल का 27 नवंबर को उद्घाटन प्रस्तावित है। लेकिन उद्घाटन से पहले अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
विधायक सरयू राय ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की कमी, जरूरी चिकित्सा उपकरणों का अभाव और बिजली सहित बुनियादी सुविधाओं की कमी सामने आने की बात कही गई।
सरयू राय का कहना है कि सिर्फ अस्पताल की बिल्डिंग तैयार कर देने और बोर्ड लगा देने से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो जातीं। अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टर, कर्मचारी, दवाइयां और जरूरी उपकरण उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है।

