बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा गांव के पास बारात में जा रही एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भतौरा गांव से बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान सोनपा गांव के पास कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

