जमशेदपुर। शहर में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पूर्वी सिंहभूम यातायात पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।
यातायात पुलिस के आदेश के अनुसार, 24 नवंबर को सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान ट्रक, हाइवा, ट्रेलर और अन्य भारी मालवाहक वाहन शहर में नहीं चल सकेंगे।
प्रशासन ने आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्री बसों को प्रतिबंध से मुक्त रखा है। बसों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और प्रतिबंधित अवधि में भारी वाहनों को शहर में लेकर न आएं।

