जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में रेल विकास कार्य के चलते टाटानगर और आसपास के रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। सीनी-राजखरसावां रेलखंड पर चल रहे कार्यों के कारण 21 नवंबर 2026 से 16 जनवरी 2027 तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस अवधि में कुछ ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं, कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से समाप्त किया जाएगा।
प्रभावित ट्रेनों में चाकुलिया-टाटानगर-बड़बिल मेमू, बड़बिल-टाटानगर-चाकुलिया मेमू, टाटानगर-गुवा मेमू, राउरकेला-टाटानगर मेमू, टाटानगर-चाईबासा मेमू, हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है। उत्कल एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर झारसुगुड़ा और संबलपुर होकर चलेगी। वहीं, साउथ बिहार एक्सप्रेस कुछ निर्धारित गुरुवार को कांड्रा-सीनी मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान टाटानगर और गम्हरिया स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, रूट और समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इससे स्टेशन पहुंचने के बाद होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है।

