जमशेदपुर/झाड़ग्राम: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जमशेदपुर के ट्रांसपोर्टर मनीष अग्रवाल (42) की मौत हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब 1:45 बजे चारों कारोबारी कोलकाता से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान झाड़ग्राम के पास उनकी कार सड़क के गड्ढे में चली गई। चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में मनीष अग्रवाल की जान चली गई। वहीं, बासु अग्रवाल, विनीत सोनकर उर्फ बीरू और सचिन भारतीया घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए TMH रेफर किया गया।
मनीष अग्रवाल आदित्यपुर के निवासी थे और गोलमुरी में हावड़ा ब्रिज के पास उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार था।
इस दर्दनाक घटना से जमशेदपुर के कारोबारी जगत में शोक की लहर है।

