समस्तीपुर (बिहार): बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। घायल भाई को देखने मायके जा रही 45 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुखद संयोग यह रहा कि जिस समय महिला ने दम तोड़ा, लगभग उसी समय उसके भाई की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बबीता देवी (45) के रूप में हुई है। उनके भाई संजीव कुमार (28) नरहन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
भाई के घायल होने की खबर मिलने के बाद बबीता देवी अपने मायके जाने के लिए बाइक से निकली थीं। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धर्मपुर के पास अचानक वह बाइक से गिर गईं।
गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।बबीता देवी अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं। मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पहले ही अपने एक सदस्य को खो चुका था और अब इस घटना ने दुख और बढ़ा दिया है।

