खूंटी (झारखंड): झारखंड के खूंटी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रनिया थाना क्षेत्र के मरचा-रनिया मुख्य सड़क पर विश्रामपुर और तुरीगढ़ा गांव के बीच हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक पर कुल पांच युवक सवार थे और सभी लोहागड़ा बाजार में आयोजित जतरा मेले से वापस लौट रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मसीह प्रकाश कोंगाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान प्रेमांशु कोंगाड़ी, जीदन कोंगाड़ी, हेमंत बहादुर और विश्वा सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

