जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरिया गांव में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक 22 वर्षीय युवक ने टांगी से हमला कर आठ लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे शंभू गोराई नामक युवक टांगी लेकर घर से निकला और गांव के लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में 72 वर्षीय सरुवाली महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनके दोनों हाथों में चोट आई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में मामोनी कर्मकार (65), निर्मल प्रमाणिक (60), राजा सहिस (17) और बुधनी सहिस (50) समेत अन्य लोग शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहरीबासा के जंगल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी युवक का पहले से इलाज चल रहा था। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

