आदित्यपुर: आशियाना चौक से सोमवार शाम एक युवक के कथित अपहरण से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, हामिद उर्फ अल्ताफ को कुछ लोग जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
सरायकेला एसपी के निर्देश पर आदित्यपुर समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कराई गई। पुलिस की सक्रियता के बीच अपहृत युवक को करीब एक घंटे के भीतर तमोलिया के पास सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। मामले में CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटना के संबंध में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

