जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर इलाके में दो कारोबारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना लोयोला स्कूल के पास की बताई जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, अजय भालोटिया और दिलीप मुरारका के बीच 30 सितंबर को यूनाइटेड क्लब में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि अगले दिन विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया और दोनों के बीच मारपीट हो गई।
अजय भालोटिया की ओर से आरोप लगाया गया है कि उन पर क्रिकेट बैट से हमला किया गया। घटना के बाद उन्होंने बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

