जमशेदपुर: डिमना रोड पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है, जो वास्तु विहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नीरज साकची से सामान लोड करवाने के बाद अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिमना रोड पर उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि नीरज ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े थे और उनके पास चार ट्रक थे। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
पुलिस हादसे के कारणों और फरार चालक की पहचान को लेकर जांच कर रही है।

