बिहार के किशनगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां मिट्टी का बड़ा टीला अचानक भरभराकर गिरने से तीन मासूम बच्चियों की दबकर मौत हो गई। मृत बच्चियों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड के सुल्तानगंज गांव में बुधवार को हुआ। तीनों बच्चियां घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लाने गई थीं। इसी दौरान वे मिट्टी के टीले के निचले हिस्से से मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानक मिट्टी का भारी हिस्सा उनके ऊपर गिर पड़ा।
इस हादसे में 10 वर्षीय नगमा परवीन, 9 वर्षीय निशा परवीन और 8 वर्षीय रूबी खातून की मौत हो गई। नगमा और निशा दोनों सगी बहनें थीं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फावड़े और कुदाल की मदद से मिट्टी हटाई और बच्चियों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर है।

