टाटा समूह में अगले चेयरमैन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक टाटा संस के मौजूदा चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के कार्यकाल के बाद नए चेयरमैन के चयन की प्रक्रिया को लेकर तीन प्रमुख नाम सामने आए हैं। इनमें टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी.वी. नरेंद्रन, टाटा संस के ग्रुप सीएफओ सौरभ अग्रवाल और एनएसई के एमडी एवं सीईओ आशीष चौहान शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार टी.वी. नरेंद्रन को मजबूत आंतरिक दावेदार माना जा रहा है। उन्होंने टाटा स्टील में तीन दशक से ज्यादा समय तक काम किया है और कंपनी के संचालन का लंबा अनुभव उनके पक्ष में माना जा रहा है। वहीं सौरभ अग्रवाल के पास वित्त और निवेश से जुड़े मामलों का व्यापक अनुभव है।
तीसरे नाम के तौर पर आशीष चौहान की चर्चा हो रही है। उन्हें पूंजी बाजार, तकनीक और संस्थागत नेतृत्व का अनुभव रखने वाला बाहरी उम्मीदवार माना जा रहा है। अंतिम फैसला टाटा संस के बोर्ड और टाटा ट्रस्ट्स के नेतृत्व में होने की उम्मीद है।

