जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को थाना क्षेत्र में घर में चोरी का मामला सामने आया है। रोड नंबर-01, K2-6, नियर टेल्को क्लब निवासी 65 वर्षीय शमशेर खान ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शमशेर खान 24 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे अपने फ्लैट में ताला बंद कर परिवार के साथ मानगो स्थित अपने प्लॉट पर गए थे। अगले दिन 25 अक्टूबर को रात करीब 8 बजे जब वे घर लौटे और गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे, तो कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला।
जांच करने पर दूसरे कमरे में रखी दो अलमारियों के दरवाजे टूटे हुए पाए गए। अलमारी में रखे कपड़े और अन्य सामान जमीन पर बिखरे थे। इसके अलावा, जेवर रखने का डिब्बा खुला मिला और उसमें रखे सभी गहने गायब थे।शिकायतकर्ता के मुताबिक, चोरी हुए सामान में सोने के दो कंगन, सोने की बालियां, चार सोने की अंगूठियां, नाक के आभूषण, सोने की चेन और नकदी शामिल हैं। दो गुल्लकों में रखे नोट और सिक्के भी चोरी होने की बात कही गई है। नकदी की कुल अनुमानित राशि करीब 52 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की ओर से प्रवेश किया और कमरों के दरवाजों के कुंडे तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने टेल्को थाना प्रभारी से अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी की पुष्टि होना बाकी है।

