बोड़ाम: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में आसनबनी–पटमदा मुख्य सड़क पर पातीपानी फुटबॉल मैदान के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, शाहजहां अपनी पत्नी हसीना और बेटी आरजू के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान पातीपानी के पास उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद तीनों सड़क किनारे पेड़ के नीचे गंभीर हालत में मिले।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां से गुजर रहे कार सवार लोगों ने घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के MGM अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान शाहजहां की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी हसीना और बेटी आरजू का इलाज अस्पताल में चल रहा है और दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

