जमशेदपुर में त्योहारों का सीजन शुरू होते ही जरूरी खाद्य सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ से पहले बाजार में दाल, मसाले, तेल और ड्राई फ्रूट्स के दाम बढ़ गए हैं।
पिछले कुछ दिनों में अरहर दाल, मूंग दाल और चना दाल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं लाल मिर्च की कीमत करीब 220 रुपये से बढ़कर 260 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। बेसन, काजू और किशमिश के दामों में भी इजाफा हुआ है।
व्यापारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने के साथ-साथ बारिश और परिवहन लागत का असर भी कीमतों पर पड़ा है।
हालांकि, चीनी के दाम में थोड़ी राहत मिली है। चीनी की कीमत करीब 65 रुपये से घटकर 60 रुपये प्रति किलो हो गई है।
त्योहारी खरीदारी के बीच बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट जरूर बिगाड़ दिया है। अब लोगों को उम्मीद है कि त्योहारों के दौरान जरूरी सामानों की कीमतों पर जल्द नियंत्रण होगा।

