जमशेदपुर। लगातार बारिश से परेशान जमशेदपुर और आसपास के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का कारण बना मौसम तंत्र अब कमजोर पड़ रहा है और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है। इसके चलते रविवार से जमशेदपुर में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
हालांकि, शनिवार को पूर्वी सिंहभूम समेत कोल्हान के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी रहा। तेज हवा, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण पूर्वी सिंहभूम में स्वर्णरेखा और खरकई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश वाला सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। रविवार से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने और आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है।

