झारखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार ने 4 लाख से ज्यादा निष्क्रिय राशन कार्डों को फिलहाल सस्पेंड कर दिया है। सरकार ने इसके साथ ही राशन कार्डों के नए सत्यापन अभियान की शुरुआत की है।
सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सब्सिडी वाला राशन सिर्फ पात्र और वास्तविक लाभार्थियों तक ही पहुंचे।
जिन राशन कार्डों पर लंबे समय से राशन का उठाव नहीं हुआ है, उनकी जांच की जाएगी। इसके अलावा डुप्लीकेट और अपात्र राशन कार्डों की भी पहचान की जाएगी, ताकि PDS व्यवस्था में होने वाली गड़बड़ियों और राशन की लीकेज को रोका जा सके।
सरकार की ओर से लाभार्थियों से सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई है। जरूरत पड़ने पर लाभार्थियों को अपने दस्तावेज दोबारा जमा करने पड़ सकते हैं, ताकि उनका राशन का लाभ जारी रह सके।
महत्वपूर्ण बात यह है कि 4 लाख से ज्यादा राशन कार्डों का सस्पेंशन अभी सत्यापन प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे सभी कार्डों का स्थायी रूप से रद्द होना नहीं माना जाना चाहिए।
फिलहाल सरकार का फोकस पात्र लाभार्थियों की पहचान और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर है।

