जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास बर्मामाइंस ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह औद्योगिक सामग्री से लदा एक मिनी ट्रक पलट गया। हादसे के बाद बर्मामाइंस-स्टेशन मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, ट्रक में टाटा मोटर्स से जुड़ी ऑटोमोबाइल सामग्री लदी थी। ओवरब्रिज के मोड़ के पास सामग्री का संतुलन बिगड़ने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। राहत की बात रही कि हादसे में चालक सुरक्षित बच गया।
घटना सुबह करीब छह बजे हुई, जब औद्योगिक क्षेत्रों में कामगारों, विद्यार्थियों और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों की आवाजाही बढ़ रही थी। ट्रक के सड़क पर पलटने से मार्ग बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की। यातायात को एक लेन से धीरे-धीरे निकालने का प्रयास किया गया।
हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। वाहन किस वजह से असंतुलित हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आने की बात कही गई है।

