जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में नरसिंहगढ़ भाटीसाल बस स्टैंड के पास शुक्रवार देर शाम भीषण सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पाइप से लदा एक ट्रक जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने अचानक एक कार आ गई। कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक एनएचएआई के पिकअप वैन से टकरा गया। इसी बीच पास से गुजर रहा चिप्स लदा छोटा हाथी वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आ गया।
तीनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को तत्काल धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

