बहरागोड़ा। बरसोल थाना क्षेत्र के अजंता होटल के पास NH-49 पर मंगलवार को तेज रफ्तार पिकअप एक अज्ञात वाहन के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में पिकअप चालक मोहम्मद औरंगज़ेब, जो पश्चिम बंगाल के कोलकाता के बड़ाबाजार के रहने वाले बताए गए हैं, केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलने पर हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उन्हें क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला।
इसके बाद 1033 एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।

