आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप प्रगति नगर, वार्ड संख्या-7 निवासी कारोबारी विकास पोद्दार ने रंगदारी मांगने को लेकर आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने कांड संख्या 308/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब आठ बजे सालडीह चौक के पास कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की सूचना दी गई थी। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को इस सूचना में गड़बड़ी मिली। पुलिस का दावा है कि रंगदारी के मामले की जांच को भटकाने के उद्देश्य से हमले की झूठी कहानी बनाई गई थी।
इस मामले में पुलिस ने राहुल कुमार पंडित, शिवा कुमार, आकाश सिंह, जुलू माली और मुकेश केवट को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राहुल पंडित करीब दस दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

