रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पहले उन्होंने फेसबुक पर करीब 10 से 11 मिनट तक लाइव आकर अपनी परेशानी और प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे।
निशा भगत ने लाइव वीडियो में रोते हुए कहा कि वह आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही थीं, लेकिन उन्हें प्रशासन से अपेक्षित मदद और सुरक्षा नहीं मिल रही थी।उन्होंने जमीन विवाद, कथित उत्पीड़न और पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए।
रिपोर्ट के मुताबिक, फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया था। उन्होंने अपनी जान देने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस उनके घर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रांची पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई गई है। पुलिस का कहना है कि निशा भगत द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है। कई नेताओं ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, यहां तक कि CBI जांच की मांग की है।

