झारखंड के गढ़वा जिले में छत्तीसगढ़ की ओर से पहुंचे जंगली हाथियों के बड़े झुंड ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। करीब 40 से 50 हाथियों के झुंड की मौजूदगी से 24 गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं।
चिनिया, रंका, रमकंडा, भंडरिया, मेराल और बड़गढ़ प्रखंड के जंगलों तथा आसपास के गांवों में हाथियों की गतिविधियां देखी जा रही हैं। ग्रामीणों को डर है कि हाथियों का झुंड घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने चार क्विक रिस्पॉन्स टीमों (QRT) को अलर्ट पर रखा है। इसके अलावा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेषज्ञों की दो टीमें भी मौजूद हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के झुंड से दूरी बनाए रखने की अपील की है। हाथियों को परेशान करने या उनके नजदीक जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

