रांची। झारखंड की न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने रांची स्थित झारखंड हाईकोर्ट परिसर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन किया।
इस डेटा सेंटर के शुरू होने से झारखंड हाईकोर्ट के साथ-साथ राज्य की जिला और अधीनस्थ अदालतों के डिजिटल कामकाज को मजबूती मिलेगी। इससे अदालती रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने और न्यायिक जानकारी तक तेजी से पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर झारखंड हाईकोर्ट की नई आधिकारिक वेबसाइट, हाईकोर्ट और जिला अदालतों के लिए आईओएस मोबाइल एप तथा ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी आवेदन की सुविधा भी शुरू की गई।
इसके अलावा वकीलों के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट और न्यायिक अधिकारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सॉफ्टवेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत न्यायिक अधिकारियों को ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक और सुप्रीम टुडे AI सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अदालती आदेशों और फैसलों का प्रारूप तैयार करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
इस नई पहल से झारखंड में न्यायिक व्यवस्था को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

