रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मामला सेटेलाइट चौक के पास HEC की जमीन पर बनी बस्ती का है।
प्रशासन की टीम JCB लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ लोग JCB के सामने बैठ गए, जबकि कुछ प्रदर्शनकारी JCB पर चढ़ गए।
देखते ही देखते मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस के मुताबिक, भीड़ की तरफ से पथराव किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की भी बात सामने आई है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान अरगोड़ा के CO के साथ कथित मारपीट की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस इलाके में कई वर्षों से रह रहे हैं और घर हटाए जाने से उनके सामने रहने का संकट पैदा हो गया है। लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास की मांग की है।
प्रशासन का कहना है कि जमीन HEC की है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि कानूनी जांच के बाद ही होगी।

