धनबाद के सिजुआ इलाके में मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई। देखते ही देखते चार घर जमीन में समा गए। इस दौरान एक परिवार के कई सदस्य मलबे और गोफ में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव शुरू किया और रस्सी की मदद से लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में 5 वर्षीय विक्रम कुमार की मौत हो गई, जबकि उसकी मां चंदा देवी और परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
भू-धंसान की वजह से आसपास के दूसरे मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है। बीसीसीएल की टीम ने इलाके का जायजा लेकर 12 घरों को खतरे की दृष्टि से चिह्नित किया है। बिजली का पोल और एक पेड़ भी जमीन में समा गया, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने और उचित मुआवजा देने की मांग की। स्थानीय लोगों ने इलाके में अवैज्ञानिक और अवैध कोयला खनन को भू-धंसान का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। प्रशासन और कंपनी के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं।

