झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक की जांच अब और तेज हो गई है। CID की विशेष जांच टीम (SIT) ने परीक्षा में सफल हुए चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभ्यर्थियों में धनबाद के दीपक कुमार, विजय कुमार तिवारी और आनंद कुमार सिंह, जबकि बोकारो में रह रहे उमेश कुमार राय शामिल हैं।
CID के मुताबिक, इन चारों पर आरोप है कि वे कथित तौर पर परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित तरीके से फायदा कैसे मिला और नेटवर्क में उनकी क्या भूमिका थी।
इससे पहले CID ने मामले में परीक्षा संचालन से जुड़े दो लोगों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा मुख्य आरोपी अभय तिवारी, उसकी पत्नी और भाई को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार चारों अभ्यर्थियों को 30 दिसंबर 2025 को नियुक्ति पत्र मिला था और वे अलग-अलग विभागों में सहायक शाखा पदाधिकारी (ASO) के रूप में काम कर रहे थे। अब CID पूरे कथित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

