झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले की जांच कर रही CID को पैसों के लेन-देन के अहम सुराग मिले हैं। जांच में अब तक 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की मनी ट्रेल सामने आने की बात कही गई है। जांच आगे बढ़ने पर यह रकम और बढ़ सकती है।
CID ने कुछ संदिग्ध लोगों और परीक्षा कराने वाली TDPL कंपनी से जुड़े लोगों के बैंक खातों की जांच की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी के पीछे पैसा किस तरह और किन लोगों तक पहुंचा।
पूछताछ में JPSC के तत्कालीन चेयरमैन एल. ख्यांग्ते ने परीक्षा कराने और TDPL को काम देने में हुई कुछ गलतियों को स्वीकार करने की बात भी सामने आई है। CID ने कुछ आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर कथित नेटवर्क और लेन-देन की जानकारी जुटाई है।
इस मामले को लेकर छात्रों का विरोध भी जारी है। अभ्यर्थी न्याय मंच ने 24 अगस्त से पूरे झारखंड में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा निकालने का ऐलान किया है।

