रांची। झारखंड सरकार ने रांची को आईटी और उभरती तकनीकों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम शुरू किया है। प्रस्तावित योजना के तहत 2029 तक रांची में IT Park शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर और इसके बाद अगले तीन वर्षों में क्षमता बढ़ाकर करीब 75 हजार रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य बताया गया है।
प्रस्तावित IT Park के लिए IIM रांची, नए विधानसभा परिसर और झारखंड हाईकोर्ट के आसपास करीब 100 एकड़ जमीन को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। यहां आधुनिक कार्यालय, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी कंपनियों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
योजना में IT, AI, सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और Global Capability Centre (GCC) जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई है। झारखंड सरकार का कहना है कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए तकनीकी और उच्च-कौशल वाले रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।
IT Park की योजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्य का सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग बेंगलुरु के IT Park और GCC मॉडल का अध्ययन करने के लिए दौरा कर सकता है।

