रांची: हजारीबाग डिटेंशन सेंटर में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। 5 अक्टूबर को हुई सुनवाई में राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मामले में FIR दर्ज कर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। डालसा की सीलबंद जांच रिपोर्ट में भी महिला के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई है।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि डिटेंशन सेंटर में रहते हुए महिला को सुरक्षा और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि महिला को सजा पूरी होने और बाद में एक मामले में बरी होने के बावजूद इतने लंबे समय तक हिरासत में किस कानूनी आधार पर रखा गया।
सरकार ने बताया कि महिला को बांग्लादेश भेजने के लिए 2023 से विदेश मंत्रालय से संपर्क किया जा रहा था, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला। हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से भी इस मामले पर जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 15 अक्टूबर 2026 को होगी।

