झारखंड हाईकोर्ट ने एक पुराने मामले में अहम फैसला सुनाते हुए कहा कि रात में महिला के घर में घुसना, उसके कपड़े उठाना और उसे पकड़ना गंभीर अपराध है, लेकिन अगर दुष्कर्म करने की दिशा में कोई स्पष्ट और सीधा कदम साबित नहीं होता, तो इसे कानूनी तौर पर दुष्कर्म का प्रयास नहीं माना जा सकता।
यह मामला पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया थाना क्षेत्र का है। घटना 27 दिसंबर 1999 की रात की बताई गई है। आरोप था कि आरोपी आधी रात को महिला के कमरे में घुसा और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर उसकी मां और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।
मामले में निचली अदालत ने आरोपी को IPC की धारा 376/511 और 452 के तहत दोषी ठहराते हुए चार साल की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ आरोपी ने हाईकोर्ट में अपील की थी।
हाईकोर्ट ने सबूतों की जांच के बाद दुष्कर्म के प्रयास वाली धारा 376/511 को हटाकर धारा 354 के तहत दोष बरकरार रखा। कोर्ट ने साथ ही घर में जबरन घुसने से जुड़ी धारा 452 की सजा भी बरकरार रखी।
अदालत ने यह भी ध्यान में रखा कि घटना को 26 साल से ज्यादा समय बीत चुका है और आरोपी करीब आठ महीने जेल में रह चुका है। इसलिए उसकी सजा को पहले बिताई गई जेल अवधि तक सीमित कर दिया गया।

