रांची: झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों की परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वे कराने और किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने का निर्देश जारी किया है।
राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से खेतों का स्थलीय निरीक्षण कराने का निर्देश दिया है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रशासनिक टीमें गांव-गांव जाकर किसानों के खेतों का निरीक्षण करें। धान की फसल और कृषि भूमि को हुए नुकसान का सही आकलन किया जाए तथा प्रभावित किसानों की सूची तैयार की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई भी पात्र किसान सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार मुआवजा और राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होना उनके परिवार की आजीविका और आर्थिक स्थिति पर सीधा असर डालता है। सरकार इस मुश्किल समय में किसानों के साथ खड़ी है।
तूफान और लगातार बारिश को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में कम से कम 10 अतिरिक्त बेड, जरूरी दवाइयां, ऑक्सीजन, एंबुलेंस और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है।
इसके अलावा वज्रपात, सर्पदंश और बारिश से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।
सरकार ने निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस पहल से बारिश और तूफान के कारण फसल नुकसान झेल रहे झारखंड के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

