झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा का शव गांव के पास झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों, ग्रामीणों और छात्रों में आक्रोश है। लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
परिजनों के अनुसार, छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौटी थी। भोजन करने के बाद वह खेत की ओर मवेशी लाने गई, लेकिन वापस नहीं आई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों के पास उसका शव मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा के साथ यौन हिंसा की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना से नाराज परिजनों, ग्रामीणों और छात्रों ने दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा, पिता को नौकरी और मृतका के भाई-बहनों की मुफ्त शिक्षा की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद करीब चार घंटे में जाम हटाया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

