रामगढ़: चुटूपालू घाटी में शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। रांची से रामगढ़ की ओर जा रहे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद ट्रेलर बेकाबू होकर कई वाहनों से टकराता चला गया। हादसे में बाइक से ड्यूटी जा रहे रेलवे स्टेशन मास्टर जगदेव तिर्की की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रेक फेल होने के बाद ट्रेलर ढलान पर तेजी से आगे बढ़ता गया और रास्ते में आने वाली कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए। गनीमत रही कि अन्य वाहनों में सवार कई लोग बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य की गई। पुलिस फरार ट्रेलर चालक और खलासी की तलाश कर रही है।

