रांची: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के करीब 1 लाख 75 हजार सरकारी कर्मचारियों को अब विशेष सैलरी पैकेज का लाभ मिलने वाला है। इसको लेकर झारखंड सरकार और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
बुधवार, 4 नवंबर को रांची स्थित झारखंड मंत्रालय के प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में राज्य के वित्त विभाग और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस विशेष सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलेंगी।
क्या-क्या मिलेगा लाभ?
दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1.5 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर।
हवाई दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर।
20 लाख रुपये तक का टर्म इंश्योरेंस।
1 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा।
पूर्ण और आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सहायता।
एयर एम्बुलेंस सहित आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं।
व्यक्तिगत, होम और वाहन लोन पर रियायती सुविधाएं।
मुफ्त डेबिट कार्ड और डिजिटल बैंकिंग की
सुविधा।हालांकि, इन सुविधाओं का लाभ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले पात्र सरकारी कर्मचारियों को बैंक की निर्धारित शर्तों के अनुसार मिलेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बैंक से आदिवासी, ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक भी बेहतर बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने की अपील की।
इस मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और यूनियन बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

