रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC नियुक्ति घोटाले की जांच को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज CID की जांच पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की है।
बाबूलाल मरांडी का आरोप है कि जांच के दौरान अगर किसी हाईप्रोफाइल नेता, अधिकारी या बिचौलिए की कथित भूमिका सामने आती है, तो उनके अनुसार बयान से ऐसे हिस्सों को हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में बड़े लोगों को बचाने और छोटे आरोपियों को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है।
मरांडी ने जांच अधिकारियों से कथित तौर पर बयानों से नाम हटाने और डिजिटल सबूतों से छेड़छाड़ जैसी गतिविधियां रोकने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए CBI जांच की अनुशंसा करने की अपील की है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि मामले से जुड़े मूल दस्तावेज, बयान और वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखे जाएं, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की छेड़छाड़ की गुंजाइश न रहे।

