हजारीबाग/चौपारण: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित सिंघरावां मोड़ के पास शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान-सह-मकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, करीब पांच हथियारबंद अपराधी वैष्णवी ज्वेलरी दुकान-सह-मकान में घुसे और परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक लूटे गए सामान की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया गया कि अपराधियों के पास पिस्टल और धारदार हथियार थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी जांच, स्वान दस्ता और फोरेंसिक टीम की मदद से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

