झारखंड की राजधानी रांची में RIMS (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) की जमीन से जुड़े घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने इस मामले में राज्य सरकार के छह पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अधिकारियों में तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता मनोज कुमार, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी, राहुल कुमार चौबे और तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार एवं राजेश कुमार शामिल हैं।
जांच के अनुसार, RIMS की लगभग 9.65 एकड़ जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर उसे निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई थी। इसमें मोरहाबादी की 8 एकड़ और कोकर की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है।
आरोप है कि जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में हेरफेर किया गया। इस जमीन पर एक अपार्टमेंट का निर्माण भी कराया गया था।
मामले में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद ACB ने 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इससे पहले इस मामले में एक बिल्डर समेत पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पूर्व अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद ACB अब उनसे पूछहछताछ कर घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।

