रांची, 19 नवंबर। झारखंड की राजधानी रांची में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। खाना परोसने में महज 15 मिनट की देरी से नाराज ग्राहक ने अपना आपा खो दिया और रेस्टोरेंट के कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट स्थित एक रेस्टोरेंट की है। मंगलवार रात करीब 9:40 बजे एक ग्राहक ने रेस्टोरेंट में खाना ऑर्डर किया था। खाना परोसने में लगभग 15 मिनट की देरी होने पर ग्राहक और कर्मचारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर कर्मचारी की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू और आरोपी के कपड़े भी बरामद किए हैं।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने खाना परोसने में देरी को लेकर हुए विवाद के बाद हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

