रांची। त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल ने 7 प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इन ट्रेनों से दिल्ली, अजमेर, मुंबई, बेंगलुरु समेत कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रांची–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 3 अक्टूबर से और अजमेर के लिए पूजा स्पेशल 2 अक्टूबर से शुरू होगी। वहीं हटिया–मुंबई स्पेशल 12 अक्टूबर तथा हटिया–बेंगलुरु स्पेशल 14 अक्टूबर से चलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा अलीपुरद्वार, सांतरागाछी और पटना–चर्लपल्ली रूट पर भी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
रेलवे ने त्योहारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच, अतिरिक्त टिकट काउंटर, होल्डिंग एरिया और सुरक्षा व्यवस्था की भी तैयारी की है। रांची और हटिया स्टेशन पर 10 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 20 रुपये रहेगी।

