झारखंड के रामगढ़ जिले के भदानीनगर थाना क्षेत्र के पाली-सुद्दी पारगढ़ा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है। मृतकों में दो नाबालिग भाई रामकिशुन बेदिया और साहिल बेदिया तथा उनकी मां संगीता देवी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, परिवार के तीनों सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। दोनों बच्चों को तेज बुखार की शिकायत थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। इसके बाद गंभीर हालत में मां संगीता देवी को रिम्स, रांची रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
तीनों मौतों के बाद बीमारी के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। शुरुआती स्तर पर मलेरिया और टाइफाइड की आशंका जताई गई, लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि मौत की वास्तविक वजह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। करीब 75 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार जांच किए गए लोगों में कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला। साथ ही इलाके की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग नजर बनाए हुए है।
इस घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ बीमारी को लेकर चिंता का माहौल है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मौतों की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटे हैं।

