रांची में बुधवार शाम कोतवाली थाना के पीछे/मारवाड़ी कॉलेज के पास एक पुरानी और जर्जर पानी की टंकी को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टंकी अचानक भरभराकर गिर गई और उसके मलबे में दो मजदूर दब गए। दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सत्या भुइयां और मैथिलीशरण महतो के रूप में हुई है। दोनों पलामू जिले के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के समय मौके पर कुल पांच मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से तीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, रांची नगर निगम और NDRF की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर पुरानी जलमीनार को तोड़ने का काम कर रहे थे। काम के दौरान ढांचे का संतुलन बिगड़ा और पूरी टंकी अचानक नीचे गिर गई। पुलिस अब हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों में संभावित लापरवाही की जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने मौके को घेरकर राहत-बचाव का काम कराया।

