रांची, झारखंड: झारखंड की राजधानी रांची के सिल्ली प्रखंड के मुरी ओपी क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा का शव 18 अक्टूबर की रात मारदू गांव के पास छापरगढ़ा जंगल की झाड़ियों से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में 23 वर्षीय आरोपी भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को छात्रा घर से यह कहकर निकली थी कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में उसका शव गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर झाड़ियों में मिला।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा को फोन करके नदी के पास बुलाया था। आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के दौरान छात्रा के साथ उसका सात वर्षीय चचेरा भाई भी था।
सिल्ली के डीएसपी मनीष चंद्र लाल के अनुसार, पुलिस ने छापेमारी के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छात्रा का मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

