रांची। झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय 16 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों में 6 इनामी नक्सली भी शामिल हैं, जिन पर कुल ₹39 लाख का इनाम घोषित था।
इनमें सबसे प्रमुख नाम संतोष महतो उर्फ बसुदेव दा का है। उस पर 128 मामले दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी पर ₹15 लाख का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 5 महिला सदस्य भी शामिल हैं।
झारखंड पुलिस के महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने इस आत्मसमर्पण को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान और सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनका स्वागत किया जाएगा और उन्हें पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा।
पुलिस का मानना है कि इस आत्मसमर्पण से नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगेगा और राज्य में शांति एवं विकास को और मजबूती मिलेगी।

